मुख्यमंत्री 29 अप्रैल को लेंगे केबिनेट की बैठक बड़े फैसलों की उम्मीद
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 29 अप्रैल का दिन छत्तीसगढ़ शासन के लिए बेहद अहम रहने वाला है। सुबह 11:30 बजे महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक होगी, जहां कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों पर मुहर लग सकती है।
लेकिन दिन यहीं खत्म नहीं होगा। दोपहर 3:30 बजे फिर इसी सत्ता के केंद्र में हलचल बढ़ेगी, जब मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक शुरू होगी। इस बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन होना तय है।
बैठक का एजेंडा भी कम दिलचस्प नहीं है
पिछली बैठक (11 मार्च 2025) के फैसलों की समीक्षा से लेकर कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और लोक निर्माण विभाग की योजनाओं का प्रेजेंटेशन तक, हर विभाग अपने काम का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगा।
सबसे ज्यादा नजरें आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े प्रस्तावों पर रहेंगी। इसमें रिक्त पदों की भर्ती, टीआई पद की स्थापना और जनजातीय धार्मिक स्थलों को संग्रहालय में स्थान देने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन पर राज्यपाल के वर्ष 2024-25 के प्रतिवेदन को भी मंजूरी मिल सकती है।
संकेत साफ हैं—
29 अप्रैल को होने वाली ये दो अहम बैठकें सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाले समय में प्रदेश की नीतियों और खासकर जनजातीय विकास की दिशा तय करने वाली साबित हो सकती हैं।

