पीजी कॉलेज में युवा फेस्ट के पहले दिन उमड़ा उत्साह, फूड स्टॉल्स बने आकर्षण का केंद्र

0


पीजी कॉलेज में युवा फेस्ट के पहले दिन उमड़ा उत्साह, फूड स्टॉल्स बने आकर्षण का केंद्र

फूड स्टॉल्स में दिखा स्वाद और हुनर, युवा फेस्ट के पहले दिन छाए विद्यार्थी

           कलेक्टर ने की डिजीटल भुगतान

उत्तम साहू 

धमतरी, 24 अप्रैल 2026/ जिले के पीजी कॉलेज परिसर में आज से प्रारंभ हुए दो दिवसीय “युवा फेस्ट-2026” के पहले दिन छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय परिसर रंग-बिरंगी गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स रहे, जहां स्वाद, रचनात्मकता और प्रस्तुति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

युवा फेस्ट में पीजी कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय कंडेल, सिलौटी कॉलेज तथा अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विविध व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इन स्टॉल्स पर खट्टे-मीठे, फास्ट फूड, आमपना और पारंपरिक व्यंजनों की भरमार रही। गर्ल्स कॉलेज धमतरी के स्टॉल पर भेल, नींबू पानी और स्वीट कॉर्न आकर्षण का केंद्र रहे, वहीं पीजी कॉलेज के स्टॉल्स पर आइसक्रीम, कस्टर्ड, फ्रूट चाट, जलजीरा, सैंडविच और चाउमीन का जायका लोगों को खूब पसंद आया। कंडेल कॉलेज के स्टॉल पर भेल, भजिया और नमकीन ने स्वाद बिखेरा, जबकि सिलौटी कॉलेज द्वारा प्रस्तुत अरसा, आम गुराम, अचार और माड़िया पेज जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। 

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, डीएफओ श्री कृष्ण जाधव सहित अन्य जिला अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कलेक्टर सहित अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने आमपना सहित विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी लिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने डिजीटल भुगतान भी किया। आमपना गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाला एक बेहतरीन पारंपरिक पेय है। यह कच्चे आम, पुदीना, जीरा और काले नमक से बनता है, जो लू (heatstroke) से बचाता है, शरीर को तुरंत हाइड्रेटेड करता है और पाचन में सुधार करता है। 

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवा फेस्ट जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नवाचार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि फूड स्टॉल्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल स्वादिष्ट व्यंजन प्रस्तुत किए हैं, बल्कि टीमवर्क, प्रबंधन क्षमता और रचनात्मक सोच का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जिले की सांस्कृतिक समृद्धि और युवा शक्ति को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।युवा फेस्ट का यह उत्साहपूर्ण आगाज आगामी दिवस के कार्यक्रमों के लिए भी उत्सुकता बढ़ा रहा है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !