जुआ-सट्टा पर धमतरी पुलिस का लगातार प्रहार, दूसरे दिन भी 3 आरोपी गिरफ्तार
1.13 लाख रुपये से अधिक की नगदी व मोबाइल जब्त, “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई जारी
उत्तम साहू
धमतरी, 10 अप्रैल 2026। जिले में जुआ-सट्टा एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 1,13,500 रुपये की नगदी एवं मोबाइल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के सख्त निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष सट्टा विरोधी अभियान चलाकर शहर के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों को सट्टा संचालन करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क), 6(ख), 11 एवं धारा 7, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहली कार्रवाई:
विंध्यवासिनी वार्ड स्थित सामुदायिक भवन के पास सुल्ताना बेगम (53 वर्ष), निवासी रामबाग को अंकों के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, मोबाइल फोन (कीमत लगभग 4,000 रुपये) एवं 1,050 रुपये नगद जब्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई:
रामबाग सब्जी मार्केट में अकबर अली (38 वर्ष), निवासी रामपुर वार्ड को सट्टा पट्टी के जरिए जुआ संचालित करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, मोबाइल (कीमत लगभग 5,000 रुपये) एवं 2,250 रुपये नगद जब्त किए गए।
तीसरी कार्रवाई:
आमातालाब रोड स्थित इनडोर स्टेडियम के पास आयुष वाघवानी (22 वर्ष), निवासी सुंदरगंज वार्ड को मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास से एक आईफोन (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) एवं 1,200 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस का संदेश:
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

