सिहावा में महानदी पर 4.86 करोड़ की लागत से एनीकट निर्माण का भूमिपूजन संपन्न, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
उत्तम साहू
नगरी। सिहावा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महानदी के उद्गम स्थल पर एनीकट निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लगभग 4 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस एनीकट का भूमिपूजन सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग के साकार होने पर लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि एनीकट निर्माण से क्षेत्र का जलस्तर बढ़ेगा, जिससे किसानों और आम नागरिकों को निस्तारी की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यह निर्माण कार्य नगरी ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक और सुगम मार्ग भी उपलब्ध कराएगा, जिससे आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और समय की बचत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगे। एनीकट बनने से सिंचाई के साधनों में भी सुधार होगा, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगरी जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, जिला पंचायत के वन सभापति अजय ध्रुव पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, वरिष्ठ भाजपाई विकल गुप्ता, रवि दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साथ ही जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी के.पी. साहू तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य के शुभारंभ की घोषणा की और क्षेत्र के उज्जवल विकास की कामना की।



