तेज हवाओं के साथ बारिश: रायपुर समेत कई जिलों में बदला मौसम, गर्मी से राहत
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं अचानक बदले मौसम के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, देर रात शुरू हुई बारिश ने राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों को भिगो दिया। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिनभर की गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने की चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार रायपुर सहित बलरामपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और बालोद जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान तेज हवाएं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

