आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बकरी चरवाहे की मौत, इलाके में शोक
कवर्धा। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था।
यह घटना कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरमिटी गांव की है। जानकारी के अनुसार नेन सिंह धुर्वे गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी करता था और रोज की तरह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया हुआ था।
बताया जा रहा है कि अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए नेन सिंह पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद वहां मौजूद अन्य साथियों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

