देवपुर में विकास की रफ्तार तेज: बारिश से पहले पूरी होगी कोलियारी-खरेगा सड़क, आजीविका और पर्यटन पर फोकस
उत्तम साहू
धमतरी, 23 अप्रैल 2026। जिले के विकासखंड धमतरी के ग्राम पंचायत देवपुर में आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने ग्रामीणों, पंच-सरपंच और महिला स्व-सहायता समूहों के साथ संवाद कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रही योजनाओं की प्रगति जानी और भविष्य की योजनाओं का खाका भी साझा किया।
कलेक्टर ने महिला समूहों की दीदियों से आजीविका गतिविधियों पर चर्चा करते हुए दूध उत्पादन और कलेक्शन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि गांव में 100 लीटर दूध का नियमित कलेक्शन होता है, तो यहां देवभोग दूध कलेक्शन सेंटर स्थापित किया जाएगा। साथ ही, महिलाओं द्वारा किए जा रहे हथकरघा कार्य को बढ़ावा देने के लिए हथकरघा केंद्र खोलने की भी बात कही।
देवपुर में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर ने दो कमरों का रेस्ट हाउस बनाने की घोषणा की। वहीं, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन द्वारा गांव में सार्वजनिक कला मंच और अटल व्यवसायिक परिसर के निर्माण की घोषणा की गई, जिससे स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्ष देवपुर पहुंचने में खराब सड़क के कारण करीब एक घंटे का समय लगता था, लेकिन अब कोलियारी-खरेगा सड़क का निर्माण तेजी से जारी है और इसे बारिश से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य बताते हुए ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की।
युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए कलेक्टर ने बताया कि कुलियारी में स्थापित स्किल सेंटर में ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर और नर्सिंग जैसे विभिन्न प्रशिक्षण उपलब्ध हैं, जिनका लाभ गांव के युवा उठा सकते हैं।
कृषि के क्षेत्र में भी कलेक्टर ने महत्वपूर्ण सलाह देते हुए कहा कि रबी सीजन में धान के स्थान पर कम पानी वाली फसलों को अपनाना चाहिए, जिससे जल संरक्षण और लागत में कमी आएगी।
इसके अलावा, कलेक्टर ने देवपुर मेला परिसर को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए और ग्राम पंचायत सारंगपुरी में सामुदायिक बाड़ी एवं वृक्षारोपण कार्यों का निरीक्षण भी किया।
देवपुर में विकास की नई पहलें अब ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ रोजगार, कौशल और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलती नजर आ रही हैं।

