सौतेली मां संग नाबालिग बेटा हुआ फरार, पति ने थाने में लगाई गुहार,“साहब, मेरी पत्नी ढूंढ दीजिए”
महाराष्ट्र के बीड जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटा अपनी सौतेली मां को लेकर घर से फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब परिवार के दामाद को हैदराबाद से ई-चालान मिला और पूरी कहानी सामने आ गई।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता की पहली पत्नी से दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। करीब चार साल पहले उसने दूसरी शादी की थी। इसी बीच परिवार में ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि वह सप्ताह की शुरुआत में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई गया हुआ था। जब वह लौटा तो उसकी दूसरी पत्नी और पहली पत्नी से हुआ नाबालिग बेटा घर से गायब थे। दोनों के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब उसके दामाद के मोबाइल पर हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस का ई-चालान पहुंचा। चालान उस बाइक का था, जो परिवार की बताई जा रही है। इसके बाद पति ने शक जताया कि दोनों उसी बाइक से फरार हुए हैं।
घटना से परेशान पति सीधे थाने पहुंचा और पुलिस से गुहार लगाई—“सर, मेरी पत्नी को ढूंढ दीजिए।”
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और महिला व नाबालिग की तलाश शुरू कर दी है। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

