ऐतिहासिक स्थलों और उच्च शिक्षण संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण, भोथली विद्यालय के विद्यार्थियों ने हासिल की नई जानकारी
उत्तम साहू
धमतरी। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली के कक्षा 12वीं के 24 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जाना।
विद्यालय के प्राचार्य एल.के. उपाध्याय के निर्देशन में विद्यार्थियों को दावड़ा यूनिवर्सिटी, अभनपुर-रायपुर ले जाया गया, जहां उन्हें आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने फॉरेंसिक साइंस, बीए एलएलबी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फैशन डिजाइनिंग, कंप्यूटर साइंस सहित कई कोर्सों के बारे में जाना।
इसके साथ ही छात्रों ने यूनिवर्सिटी की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी विभागों तथा विशाल लाइब्रेरी का भ्रमण किया। शिक्षकों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन कोर्सों की उपयोगिता, रोजगार संभावनाओं और भविष्य में उनके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल राजिम भी ले जाया गया, जहां उन्होंने प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन कर इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर दावड़ा यूनिवर्सिटी के प्रबंधक तुलसीदास, प्रेमदीप, सोनाली, दुष्यंत शर्मा, राजकमल साहू, इमेश कुमार, हेमलता और सपना यादव ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों का शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और डायरी भेंट कर सम्मान किया।
विद्यालय के शिक्षक डॉ. गणेश प्रसाद साहू, डॉ. मंजूषा साहू और जयप्रकाश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण से विद्यार्थी बेहद उत्साहित नजर आए। छात्रों ने कहा कि इस यात्रा से उन्हें नए-नए कोर्स, करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
भ्रमण में कुशाग्र साहू, इंद्रपाल, भूपेश, खुशाल सेन, पवन राज, शेष पटेल, रूपेंद्र, नंदलाल, यूरेखा, ललिता, योगमाया, तनुजा, नमिता, दीप्ति, शशि, वर्षा, वंदना, पूनम, कुसुमलता सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।


