नगरी में गौसम्मान अभियान कल: दंतेश्वरी मंदिर से तहसील कार्यालय तक निकलेगी रैली
उत्तम साहू
नगरी। गौसंरक्षण और जनजागरण को लेकर 27 अप्रैल 2026, सोमवार को नगरी में गौसम्मान अभियान के तहत एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान देशव्यापी स्तर पर प्रत्येक तहसील में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रैली सुबह 10:00 बजे राजा बाड़ा स्थित दंतेश्वरी मंदिर परिसर में अल्पाहार के साथ प्रारंभ होगी। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे श्रद्धालु एवं नागरिक भजन-कीर्तन करते हुए शांतिपूर्ण रैली के रूप में तहसील कार्यालय नगरी पहुंचेंगे।
इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम लगभग 11,000 हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन तहसील कार्यालय में सौंपा जाएगा। अभियान के तहत गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौवंश के लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
अभियान का नेतृत्व सुरभि गौ माता नंदी बाबा संरक्षक के मार्गदर्शन में किया जाएगा। आयोजन से जुड़े शिव शंकर साहू ने बताया कि यह एक देशव्यापी जनजागरण अभियान है, जिसमें साधु-संत, गौपालक, गौसेवक एवं सभी वर्गों के लोग भाग लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी एक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था और सामाजिक चेतना से जुड़ा प्रयास है।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है। जो लोग किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकते, वे मोबाइल नंबर 9067777323 पर मिस्ड कॉल देकर अपना समर्थन दर्ज करा सकते हैं।
अभियान का उद्देश्य गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और समाज में गौसम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है।

