समर क्लास के 10वें दिन बच्चों ने सीखा पेपर क्राफ्ट
रंगीन गतिविधियों के जरिए बच्चों में बढ़ी रचनात्मकता और सीखने की रुचि
उत्तम साहू
नगरी (सिहावा)। ग्राम कोलियारी (दुगली) में जनसहयोग से संचालित समर क्लास के 10वें दिन बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन डाइट नगरी के व्याख्याता श्री जोहन नेताम के मार्गदर्शन एवं Azim Premji Foundation के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर डाइट नगरी के छात्राध्यापक सोनेदर साहू, पंकज यादव, पंकज साहू, सोनिका साहू, शीतल साहू, हेमलता कुंजाम, राज लक्ष्मी कंवर, देव कुमारी हिडको, राजेश्वरी साहू, दुर्गेश्वरी एवं आरती साहू ने बच्चों को आकर्षक एवं उपयोगी पेपर क्राफ्ट बनाना सिखाया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगीन कागजों से फूल, पक्षी, टोपी, नाव और विभिन्न सजावटी सामग्री तैयार की। छात्राध्यापकों ने बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने की नई विधियों से परिचित कराया। बच्चों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ गतिविधियों में भाग लिया।
श्री जोहन नेताम ने कहा कि समर क्लास का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने के प्रति रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि पेपर क्राफ्ट जैसी गतिविधियां बच्चों की कल्पनाशक्ति और हाथों के कौशल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध हो रही हैं। समर क्लास में लगातार विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
समर क्लास संचालन के दौरान ग्राम पटेल संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री मनहरन साहू (छिपली) द्वारा सभी बच्चों को न्योता भोज के रूप में बिस्किट वितरित किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।



