धमतरी पुलिस का बड़ा अभियान: 151 गुम मोबाइल लौटाकर फिर जीता जनता का भरोसा
उत्तम साहू,धमतरी। धमतरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 151 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस लाईन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मोबाइल हितग्राहियों को उनके मोबाइल विधिवत सुपुर्द किए गए।
यह अभियान सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे “गुम मोबाइल वापसी अभियान” के तहत संचालित किया जा रहा है, जो अब जिलेवासियों के लिए बड़ी राहत बन चुका है। कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि तथा कलेक्टर अविनाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी सहायता से न केवल जिले में बल्कि ओड़िशा और मध्यप्रदेश तक उपयोग किए जा रहे मोबाइल फोन को ट्रेस कर रिकवर किया। पुलिस की इस मेहनत का ही परिणाम है कि अब तक 670 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और संतोष का माहौल मजबूत हुआ है।
मोबाइल वापस मिलने पर हितग्राहियों की खुशी देखने लायक थी। ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने भावुक होकर बताया कि कुर्रा बाजार में प्याज खरीदते समय उनका मोबाइल चोरी हो गया था और उन्होंने उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन धमतरी police के प्रयासों से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस का हृदय से आभार जताया। वहीं रायपुर से आए हितग्राही कल्पेश ने भी कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिलेगा, लेकिन धमतरी पुलिस ने यह संभव कर दिखाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने दो दिन पूर्व गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मोबाइल आज हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है और उसके गुम होने की परेशानी को वे स्वयं समझते हैं। इसी संवेदनशीलता के साथ धमतरी पुलिस आम नागरिकों की मदद के लिए लगातार प्रयासरत है।
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार जनहितकारी और विश्वास बढ़ाने वाले कार्य कर रही है। अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ भी पुलिस की कार्यवाही सराहनीय रही है। वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने आधुनिक तकनीक और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से गुम मोबाइलों को खोजकर लौटाने की पहल को जनहितकारी और प्रशंसनीय बताया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोबाइल हितग्राही उपस्थित रहे।

