दर्दनाक घटना : दंपती और दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। एक मकान से दंपती और उनके दो बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चों की हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। गोविंद और चंचल के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का उल्लेख बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार हाल ही में तिरुपति बालाजी के दर्शन कर लौटा था। प्रारंभिक पूछताछ और आसपास के लोगों से मिली जानकारी में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया गया होगा।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घर से मिले साक्ष्यों के साथ मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

