भीषण गर्मी में बिजली संकट से त्रस्त ग्रामीण, बिना सूचना कटौती पर फूटा आक्रोश
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट।
पाली/नुनेरा। भीषण गर्मी के दौर में नुनेरा, बांधाखार फील्ड सहित आसपास के गांवों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में बार-बार बिजली गुल होने से आमजन का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा अचानक सप्लाई बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेज गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बिजली बंद होने से पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है, जिससे लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है।
रात के समय लगातार बिजली कटौती से लोगों की नींद हराम हो गई है। अंधेरे और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। वहीं किसानों के कृषि कार्य और छोटे व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली कटौती से पहले लोगों को सूचना दी जाए और क्षेत्र में नियमित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

