गणेश घाट में 1.97 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का भूमिपूजन संपन्न, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
उत्तम साहू
नगरी। देवपुर से ऋगीं ऋषि पहुंच मार्ग पर गणेश घाट के पास बनने वाले नवनिर्मित पुल का भूमि पूजन समारोह शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। लगभग 197.45 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। पुल निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाएं जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन से जुड़ी हुई हैं। जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में कई अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें बांसपारा-कुकरेल मार्ग सहित अन्य सड़कों का निर्माण शामिल है। खराब सड़कों की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हुए हैं।
अतिथियों ने कहा कि शासन स्तर पर लगातार विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर जनता को राहत दी जाए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साल के नेतृत्व में क्षेत्र की सड़क एवं पुल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार स्वीकृतियां प्रदान की जा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं विकासशील बनाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
भूमिपूजन समारोह में विधायक अंबिका मरकाम जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, प्रकाश बैस,जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, वरिष्ठ भाजपाई विकल गुप्ता, मोहन पुजारी,भानेंद्र ठाकुर, भरत निर्मलकर, अकबर कश्यप, कमल डागा, सचिन भंसाली, नागेंद्र शुक्ला, प्रेमलता नागवंशी, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रशांत साहू सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

