युवा उत्सव में भाग लेने हिमाचल रवाना हुए धमतरी के 20 वालेंटियर्स, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी शुभकामनाएं
उत्तम साहू,धमतरी, 19 मई 2026। धमतरी जिले के 20 युवा वालेंटियर्स राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश रवाना हुए। रवानगी के अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि युवा उत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की विविधता, परंपराओं और नवाचारों को समझने का अवसर भी है। उन्होंने वालेंटियर्स से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक व्यवहार के साथ धमतरी जिले का बेहतर प्रतिनिधित्व करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों के साथ संवाद से युवाओं में नई सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजनों से युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ भविष्य के कैरियर निर्माण में भी मदद मिलती है।
बताया गया कि हाल ही में आयोजित यूथ फेस्ट कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता करने वाले विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए किया गया है।
इस अवसर पर उप संचालक पंचायत श्री नकुल वर्मा, सहायक संचालक कौशल विकास डॉ. शैलेंद्र गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उत्साहपूर्वक रवाना किया।


