मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी को दी 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
उत्तम साहू,धमतरी, 17 मई 2026। विष्णुदेव साय ने धमतरी में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में 465 करोड़ रुपये के 102 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने धमतरी शहर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें अंबेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क, रानी दुर्गावती चौक (लक्ष्मी निवास) से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ निर्माण तथा पेयजल व्यवस्था के लिए इंटेकवेल निर्माण प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में 423 करोड़ 52 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि 41 करोड़ 50 लाख 48 हजार रुपये से अधिक की लागत वाले 50 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से जिले में सड़क, पेयजल, अधोसंरचना एवं नगरीय सुविधाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 9 हजार 350 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 9 हजार 140 मांग और 210 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। इनमें से 5 हजार 333 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 1 मई से 10 जून तक चल रहे सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेशभर में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। गांवों में क्लस्टरवार शिविर लगाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग के नक्सलमुक्त क्षेत्रों में हजारों महिलाएं पहली बार इस योजना से लाभान्वित हुई हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस को प्राथमिकता बताते हुए जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की, जिससे नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं तपेदिक रोगियों को फूड किट वितरित किए। साथ ही ड्रीम कॉरिडोर वीडियो और “मां अभियान” की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी एवं Learning Joy के बीच एमओयू भी किया गया तथा “हस्त्रम” हैंडलूम का शुभारंभ हुआ।
धमतरी वासियों को मिली प्रमुख सौगातें
अंबेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण
धमतरी शहर के लिए पेयजल इंटेकवेल
रानी दुर्गावती चौक से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ
कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद भवन हेतु डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति
पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए राशि मंजूर
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चन्द्राकर, विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




