सुशासन तिहार में साकार हुआ पक्के घर का सपना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हितग्राहियों को सौंपी प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी
उत्तम साहू,धमतरी/ “सुशासन तिहार 2026” के दौरान मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उनके वर्षों पुराने पक्के घर के सपने को साकार किया। कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जब हितग्राहियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने संघर्ष और नए जीवन की उम्मीद साझा की।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भाटगांव की कुमारी यादव एवं लता साहू को मुख्यमंत्री के हाथों आवास की चाबी प्रदान की गई। लंबे समय से कच्चे मकान में जीवनयापन कर रही इन महिलाओं के लिए यह केवल एक योजना का लाभ नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व की नई शुरुआत साबित हुआ।
हितग्राही कुमारी यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में उनका परिवार लगातार परेशानियों से जूझता था। कच्ची दीवारें और टपकती छत बच्चों की पढ़ाई तथा परिवार की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी रहती थीं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब उन्हें पक्का और सुरक्षित घर मिलने से परिवार में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
इसी प्रकार लता साहू ने कहा कि सरकार की इस पहल ने उनके परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और विश्वास दोनों को मजबूत बनाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चन्द्राकर, विधायक धमतरी ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

