ग्रामीण अंचल की बेटी बनी प्रेरणा
सुशासन तिहार में मेधावी छात्रा का सम्मान, मुख्यमंत्री ने टैबलेट देकर बढ़ाया उत्साह
उत्तम साहू,धमतरी जिले के छोटे से ग्राम कंडेल की बेटी कुमारी कुसुम लता बिप्रे ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल जिले का गौरव बढ़ाया है, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।
“सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में विष्णुदेव साय ने कुसुम लता को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उच्च शिक्षा और तकनीकी अध्ययन में सहयोग के उद्देश्य से टैबलेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। राज्य सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राज्य की अमूल्य पूंजी हैं और शासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल संसाधन तथा आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कुसुम लता की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि यह ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था, परिवार के संस्कार और विद्यार्थियों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम है। साधारण परिवार से आने वाली कुसुम लता ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प हो, तो परिस्थितियां सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं।
उनकी इस उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों में भी शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। कुसुम लता की मेहनत, अनुशासन और समर्पण आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सपने गांवों से भी उड़ान भर सकते हैं और प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।
इस अवसर पर सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चन्द्राकर, विधायक धमतरी ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

