मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों पर धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई, 5 पिकअप चालकों पर 26,500 रुपये जुर्माना

0

 

मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों पर धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई, 5 पिकअप चालकों पर 26,500 रुपये जुर्माना



उत्तम साहू,धमतरी। जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 5 पिकअप वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 26 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई वाहन चालक परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई। प्रत्येक वाहन चालक से 5 हजार 300 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूला गया।

जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें CG 04 CG 7550, CG 04 KV 0551, CG 04 CG 9693, CG 05 X 0113 और CG 04 PG 9640 क्रमांक के पिकअप वाहन शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं ढोने की सख्त हिदायत दी।

धमतरी पुलिस ने बताया कि संबंधित वाहनों के परमिट निरस्त कराने तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इधर, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात पुलिस आम लोगों को भी जागरूक कर रही है। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने को लेकर लगातार समझाइश दी जा रही है। एल्कोमीटर के जरिए जांच कर शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करें, मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !