कैलाश पवार को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, क्षेत्र में शोक की लहर
उत्तम साहू
नगरी। कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक एवं जय मां शीतला धर्मार्थ सेवा समिति सिहावा के अध्यक्ष स्वर्गीय कैलाश पवार के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके अंतिम संस्कार में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वर्गीय कैलाश पवार ने धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक एवं सर्वराकार के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही लगभग 40 वर्षों तक जय मां शीतला धर्मार्थ सेवा समिति सिहावा की कमान संभालते हुए कई धार्मिक आयोजनों एवं जनहित कार्यों को नई दिशा प्रदान की। उनके नेतृत्व में समिति ने समाज सेवा और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई।
उनके निधन पर सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैश, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय कैलाश पवार के समाजहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी और स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

