मजाक से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

0

 मजाक से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

उत्तम साहू 

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। ग्राम करेलीबड़ी में एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 12 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रदीप रात्रे के नवनिर्मित कॉम्प्लेक्स के सामने हुई। प्रार्थी हिमांशु राज साहू (18 वर्ष) निवासी करेलीबड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा पहले लक्की साहू को अश्लील गालियां दे रहा था। जब हिमांशु ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया, तब आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे स्टील के धारदार चाकू से हमला कर दिया।


बताया गया कि आरोपी ने हिमांशु के पीठ, कमर के ऊपरी हिस्से, दोनों ओर तथा कंधे और गले के पास लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल करेलीबड़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवापारा रेफर किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए करेलीबड़ी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 109(1) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घायल युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें धारदार एवं नुकीली वस्तु से चोट लगना प्रमाणित हुआ।


पुलिस पूछताछ में आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा ने घटना में प्रयुक्त चाकू को अपने किराए के मकान के पास झाड़ियों में छिपाना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चाकू बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया।

करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !