जंगल से गांव तक मौत का साया: तेंदुए ने अधेड़ को बनाया निवाला, कोरमुड़ में दहशत
उत्तम साहू,नगरी | 28 मई 2026
धमतरी जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र में तेंदुए का आतंक एक बार फिर सामने आया है। जिले के अंतिम छोर पर बसे बेलरगांव इलाके के कोरमुड़ गांव में तेंदुए के हमले में 55 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
मृतक की पहचान चौथराम मंडावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह गांव के पास पहाड़ी इलाके की ओर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। चौथराम का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। शव का एक हाथ और पैर गायब था, पेट फटा हुआ मिला और आसपास घसीटने के निशान भी दिखाई दिए। घटनास्थल की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि तेंदुए ने हमला कर अधेड़ को अपना शिकार बनाया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों को अकेले जंगल या पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने की हिदायत दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कोरमुड़ गांव चारों ओर से घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ जंगली जानवर पानी और भोजन की तलाश में गांवों की ओर पहुंच रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान तेंदुआ गांव के करीब पहुंचा और अधेड़ पर हमला कर दिया।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी इलाके में तेंदुए ने घर के आंगन में खेल रहे एक मासूम बच्चे को उठाकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर व्याप्त है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में लगातार गश्त बढ़ाई जाए, तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए और गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

