सिलेंडर ब्लास्ट ने उजाड़ा पूरा परिवार, चार जिंदगियां खत्म… मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा 9-9 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी
रायपुर/दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शॉर्ट सर्किट के बाद हुए सिलेंडर विस्फोट में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग और विस्फोट के कारण घर पूरी तरह तबाह हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी।
इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत अत्यंत पीड़ादायक और दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा दी जाने वाली 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के अतिरिक्त 5-5 लाख रुपये की विशेष सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच कराने, परिजनों के रहने-खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहयोग देने के निर्देश भी दिए हैं।

