नगर पंचायत नगरी में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी में BSNL टॉवर के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोपहर के समय हुए तेज धमाके के बाद ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा और आसमान में काला धुआं छा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद अब बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में लंबे समय से लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या बनी हुई है, बावजूद इसके मीना बाजार क्षेत्र को स्थायी बिजली कनेक्शन दे दिया गया। लोगों का कहना है कि जब पहले से ही ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव था, तब विभाग ने बिना क्षमता बढ़ाए नया लोड जोड़कर बड़ी लापरवाही की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने से पहले कई बार स्पार्किंग और वोल्टेज की समस्या देखी गई थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का आरोप है कि विभाग की अनदेखी के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

