आवारा कुत्तों के हमले से बछड़े की मौत, नगर में बढ़ा खतरा
उत्तम साहू
नगरी। नगर के धमतरी रोड स्थित नहर नाली के पास जीनियस स्कूल जाने वाले मार्ग पर आवारा कुत्तों और लावारिस पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बछड़े पर हमला कर उसे नोच-नोच कर मार डाला। रविवार सुबह राहगीरों ने नाली के किनारे बछड़े का शव पड़ा देखा, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को हमेशा खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि पशु मालिक अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, वहीं प्रशासन भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
निवासियों ने बताया कि रात के समय कुत्तों के झुंड सड़क और गलियों में घूमते रहते हैं, जिससे कई बार दुर्घटनाएं और हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। अब बछड़े की मौत के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत और प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण, लावारिस पशुओं की व्यवस्था तथा नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

