सीवरेज लाइन प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा: मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत, लापरवाही के आरोप
दल्लीराजहरा। बीएसपी के सीवरेज लाइन विस्तार प्रोजेक्ट के तहत चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरी खुदाई कर पाइप फिटिंग का काम कराया जा रहा था, तभी अचानक चेन मोल्डिंग मशीन की चेन टूट गई। तेज झटके के कारण मिट्टी भरभराकर धंस गई और गड्ढे में काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि परियोजना के तहत लगभग 12 फीट गहरे गड्ढे में मजदूरों से काम कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मौके पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। न तो पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के उचित इंतजाम किए गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर पालिका, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन तब तक तीनों मजदूरों की जान जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
नगर पालिका दल्लीराजहरा अध्यक्ष नेता तोरण साहू ने घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषी ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी बीएसपी अधिकारी करीब चार घंटे देर से मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुरानी सीवरेज पाइपलाइन बदलने का कार्य मशीनों की मदद से सुरक्षित तरीके से किया जाना चाहिए था, लेकिन मजदूरों को सीधे गहरे गड्ढे में उतारकर काम कराया जा रहा था।
भोजराज नाग ने भी घटना को दुखद बताते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहे।

