जनदर्शन में आमजनों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, सुरूज बाई यादव को मिलेगी सहायता और पेंशन
उत्तम साहू
धमतरी, 13 मई 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में भूमि विवाद, राशन कार्ड, रोजगार, भवन निर्माण, आधार अपडेट और नाली निर्माण सहित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में सुभाष नगर वार्ड धमतरी निवासी विजय देवांगन ने धोखाधड़ी मामले में न्याय दिलाने की मांग की। वहीं कुरूद की सुरूज बाई यादव ने पति के अंगदान के बाद मिलने वाली सम्मान राशि, राशन कार्ड और पेंशन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, खाद्य विभाग को राशन कार्ड बनाने तथा समाज कल्याण विभाग को पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
मगरलोड विकासखंड के ग्राम बड़ी करेली निवासी धनुराम ने पट्टा दिलाने की मांग रखी। वहीं ग्राम कोसमर्रा के किसानों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के कारण खेतों में जलभराव की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और एसडीएम धमतरी को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हटकेशर वार्ड धमतरी की दिव्यांग सुलेखा अली ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिला औषधि विक्रेता संघ ने लंबित मांगों और दुकान बंद करने से संबंधित आवेदन सौंपा।
इसके अलावा सहकारी समिति अध्यक्ष केशव साहू ने तरसींवा खरीदी केंद्र से चना परिवहन कराने की मांग रखी। ग्राम पंचायत भरदा के सरपंच ने शाला भवन निर्माण, देवांगन समाज भवन का अधूरा कार्य पूरा कराने और ग्राम रुद्री स्थित जीएडी कॉलोनी के पास शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार धमतरी को तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

