पुलिस परिवार के बच्चों को मिला सफलता का मंत्र, एसपी सूरज सिंह परिहार ने किया मोटिवेट

0

 पुलिस परिवार के बच्चों को मिला सफलता का मंत्र, एसपी सूरज सिंह परिहार ने किया मोटिवेट


उत्तम साहू 

धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन धमतरी में पुलिस परिवार के बच्चों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कैरियर गाइडेंस और मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने वाले बच्चों को सही दिशा और प्रेरणा देना था।

कार्यक्रम में पुलिस परिवार के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों को विभिन्न कैरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सफलता के मूल मंत्रों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और समस्याओं का सरल एवं प्रेरणादायक तरीके से समाधान भी किया।

“आज के युवा ही देश का भविष्य” – एसपी सूरज सिंह परिहार

सूरज सिंह परिहार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और अच्छा नागरिक बनने के लिए मजबूत चरित्र एवं व्यक्तित्व का निर्माण जरूरी है। उन्होंने बच्चों को असफलताओं से न डरने और जिस विषय से डर लगे, उसी पर सबसे अधिक मेहनत करने की सीख दी।


उन्होंने कहा कि संघर्ष और असफलता ही इंसान को मजबूत बनाती है। साथ ही बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित वॉकिंग, रनिंग, साइक्लिंग और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कलेक्टर, डॉक्टर, प्रोफेसर, सर्जन और आर्म्ड फोर्सेस में अधिकारी बनने जैसे अपने सपनों को साझा किया, जिस पर एसपी ने उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने साझा किए सफलता के सूत्र

शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि पढ़ाई और सीखने की कोई सीमा नहीं होती। मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

वहीं अभिषेक चतुर्वेदी ने सफलता के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास को जरूरी बताया। उन्होंने बच्चों को सफल लोगों के अनुभवों से सीख लेने और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की सलाह दी।


धमतरी पुलिस की इस अनूठी पहल को पुलिस परिवार के बच्चों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने भविष्य में स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम के माध्यम से सामान्य नागरिकों के बच्चों के लिए भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !