प्यार, शक और साजिश... दो साल बाद खुला छात्रा की हत्या का खौफनाक राज

0

 

प्यार, शक और साजिश... दो साल बाद खुला छात्रा की हत्या का खौफनाक राज



दंतेवाड़ा में रिश्तों के शक ने एक ऐसी साजिश को जन्म दिया, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। डीआरजी जवान की पत्नी ने पति के कथित प्रेम संबंध के शक में एक कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। करीब दो साल बाद पुलिस जांच में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, तोयलंका निवासी डीआरजी जवान पांडू करटम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने कमली करटम से दूसरी शादी की। बताया जा रहा है कि कमली को शक था कि उसके पति का 22 वर्षीय छात्रा रामदई कश्यप से प्रेम संबंध चल रहा है। यही शक धीरे-धीरे नफरत और फिर खूनी साजिश में बदल गया।

जांच में सामने आया कि कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को हत्या के बदले 50 हजार रुपए देने का लालच दिया। योजना के तहत पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी नाग को दंतेवाड़ा भेजा गया, जिसने रात में फोन कर छात्रा की मौजूदगी की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी पिकअप वाहन लेकर पहुंचा और घर में घुसकर रामदई का मुंह व गला दबाकर हत्या कर दी।

वारदात को छिपाने के लिए शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरकर गांव लाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। जून 2024 से लापता रामदई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी, लेकिन शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिला था।

करीब दो साल बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयान खंगाले तो शक की सुई कमली करटम पर जा टिकी। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरा राज उगल दिया। उसकी निशानदेही पर दंडाधिकारी और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जहां बोरे में दबा मानव कंकाल बरामद हुआ।

फिलहाल पुलिस ने कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस खौफनाक हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !