नगरी के सुशासन तिहार में उमड़ी लोगों की भीड़, त्वरित निराकरण से बढ़ा जनता का भरोसा
उत्तम साहू
नगरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक चलाए जा रहे सुशासन तिहार एवं जन समस्या निवारण शिविर में लोगों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शासन की इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाना है। नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं, जिनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में नगर पंचायत नगरी के सांस्कृतिक भवन, वार्ड क्रमांक 07 में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिविर में कुल 1229 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राशन कार्ड, पेंशन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण किया गया। लोगों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
शिविर के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में भी नागरिकों को जागरूक किया गया। कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत सिंह छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम सहित नगरपंचायत के सभी पार्षद विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण किट वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उपकरण एवं वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी वितरण किया गया। वहीं नगर पंचायत द्वारा नए राशन कार्ड भी वितरित किए गए।
सुशासन तिहार के तहत लगाए जा रहे इन शिविरों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल रही है। प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होने से लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।





