आबादी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक, गांवों में दहशत… वन विभाग ने संभाला मोर्चा
गरियाबंद के पांडूका वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिधनीपाठ के माता डोंगरी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की खबर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों से घिरे इस इलाके में तेंदुए की लगातार गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन अमला गांव-गांव पहुंचकर माइक से मुनादी कर रहा है। ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर नहीं निकलने, बच्चों को घर से दूर नहीं भेजने और जंगल किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने खास तौर पर मवेशी पालकों को सतर्क रहने और पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखने के निर्देश दिए हैं।
गिधनीपाठ और आसपास के गांवों में भय का माहौल साफ नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की हलचल यहां आम बात है, लेकिन तेंदुए की सक्रियता की खबर ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। शाम ढलते ही लोग घरों में सिमटने लगे हैं और खेतों की ओर जाना भी कम कर दिया गया है।
वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

