लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए धमतरी पुलिस सख्त, एसपी ने ली समीक्षा बैठक
उत्तम साहू,धमतरी। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने लंबित एवं पुराने प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की दिशा में बड़ी पहल की है। पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अनुभाग अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया।
बैठक में पुराने खात्मा एवं खारजी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों का विधिसम्मत परीक्षण कर शीघ्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।
एसपी श्री परिहार ने कहा कि समयबद्ध कार्रवाई से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी, थानों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने, न्यायालयीन कार्यवाही में गंभीरता बरतने तथा प्रत्येक मामले में त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने अनुभाग अंतर्गत थाना क्षेत्रों के पुराने एवं लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करें, ताकि सभी प्रकरणों का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण हो सके।
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , सीएसपी , एसडीओपी , डीएसपी , , , एसडीओपी एवं डीपीओ सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


