उड़ीसा के मंत्री नित्यानंद गौड़ का कर्णेश्वर धाम में हुआ आगमन
उत्तम साहू,नगरी। उड़ीसा राज्य के आदिम जाति कल्याण मंत्री नित्यानंद गौड़ का नगरी स्थित कर्णेश्वर महादेव मंदिर में आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
मंत्री श्री गौड़ ने भगवान कर्णेश्वर महादेव के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कर्णेश्वर धाम की आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए इसे धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल बताया।
मंदिर परिसर में उन्होंने ट्रस्ट के सदस्यों से मुलाकात कर यहां संचालित धार्मिक एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उन्हें श्रावण मास एवं माघी पूर्णिमा मेले की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता से अवगत कराया। मंत्री श्री गौड़ ने श्रद्धालुओं की आस्था और कर्णेश्वर धाम की बढ़ती ख्याति की प्रशंसा करते हुए भविष्य में पुनः यहां आने की बात कही।
उन्होंने श्रावण मास एवं माघी पूर्णिमा मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी स्वीकार किया। मंत्री के आगमन से मंदिर ट्रस्ट एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता, सचिव भरत निर्मलकर, कोशाध्यक्ष निकेश ठाकुर, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष ह्रदय साहू, हनी कश्यप, रवि भट्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

