जनदर्शन में हंगामा: न्याय की गुहार लेकर पहुंचे युवक ने आत्मदाह का किया प्रयास,

0

 

धमतरी..जनदर्शन में हंगामा: न्याय की गुहार लेकर पहुंचे युवक ने आत्मदाह का किया प्रयास, 

         प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा



उत्तम साहू,धमतरी।
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने कथित रूप से मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई तथा युवक को सुरक्षित रोक लिया गया।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साईं बाबा मंदिर के पास रहने वाले रोहित सोनी के रूप में हुई है। रोहित अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।

आवेदन में रोहित ने आरोप लगाया है कि उनका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित मकान में निवास कर रहा है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। रोहित के अनुसार जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे, तब 10 से 20 लोगों का समूह वहां पहुंचा और काम रुकवा दिया।

युवक ने आरोप लगाया कि उस पर मकान छोड़कर अन्यत्र चले जाने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उसे धमकियां भी दी गईं कि यदि उसने मकान खाली नहीं किया तो उसके लिए स्थिति ठीक नहीं होगी। आवेदन में भाजपा पार्षद निलेश लुनिया एवं उनके कुछ समर्थकों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रोहित का दावा है कि लगातार राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके घर तक पहुंचने वाले मार्ग को खोदकर गड्ढा बना दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। उनका कहना है कि नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। न्याय नहीं मिलने और लगातार बढ़ते दबाव से परेशान होकर वह अपने परिवार के साथ जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे थे।

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को समझाइश देकर शांत कराया तथा उसकी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

जनदर्शन जैसे जनसमस्या निवारण मंच पर हुई इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय विवादों के समाधान की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल संबंधित पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच सभी की निगाहें जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !