तालाब ने छीन ली दो मासूम मुस्कानें: कपालफोड़ी में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम

0

 

तालाब ने छीन ली दो मासूम मुस्कानें: कपालफोड़ी में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम



उत्तम साहू 

मगरलोड/धमतरी। शुक्रवार की सुबह ग्राम कपालफोड़ी में हर दिन की तरह बच्चों की चहल-पहल थी। किसी ने नहीं सोचा था कि खेल-खेल में तालाब की ओर गई दो नन्ही सहेलियां कभी वापस नहीं लौटेंगी। कुछ ही पलों में गांव की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं, जब बाजार तालाब में डूबने से दो आठ वर्षीय मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू साहू (8 वर्ष), पिता दीपक साहू एवं गीतिका साहू (8 वर्ष), पिता नारद साहू शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गांव के बाजार तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों बच्चियां अनजाने में गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

उसी समय तालाब में मौजूद पेमिन बाई साहू की नजर किनारे रखे बच्चियों के कपड़ों और बाल्टी पर पड़ी। काफी देर तक बच्चियां दिखाई नहीं देने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गांव के लोग और परिजन तालाब की ओर दौड़े। सभी की निगाहें उस पानी पर टिकी थीं, जहां से दोनों बच्चियों के सकुशल लौटने की उम्मीद की जा रही थी। काफी खोजबीन के बाद तालाब में लगभग सात फीट गहराई से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। जिन गलियों में सुबह तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है। एक ही दिन में दो मासूम जिंदगियों के बुझ जाने से कपालफोड़ी गांव गहरे सदमे में है।

घटना की सूचना पर मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता की याद दिलाता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !