घठुला में सेवा संकल्प शिविर, 123 में से 107 आवेदनों का मौके पर निराकरण
22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल, मांगों से जुड़े सभी आवेदन; राजस्व विभाग के 16 आवेदन लंबित
नगरी। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत घठुला में मंगलवार, 6 अक्टूबर को ‘सेवा संकल्प शिविर 2026’ का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर से जुड़ी 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और अन्य मांगों को लेकर कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 107 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। शेष 16 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित हैं, जिन पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सर्वाधिक 78 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण किया गया। इसी तरह विद्युत विभाग के 9, खाद्य विभाग के 8, कृषि विभाग के 4, समाज कल्याण विभाग के 4, आबकारी विभाग के 3 तथा पशु चिकित्सा विभाग के 1 आवेदन का भी तत्काल निराकरण किया गया।
राजस्व विभाग को कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए, जो वर्तमान में लंबित हैं। इन आवेदनों पर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी।
शिविर की एक खास बात यह रही कि प्राप्त सभी 123 आवेदन मांग से संबंधित थे और एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई। मौके पर 107 आवेदनों के निराकरण से ग्रामीणों को संबंधित विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित हुआ।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, जिला पंचायत सदस्य गरिमा नेताम, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाईं, प्रेमलता नागवंशी एवं हनीफ अली, नगरी ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष उमेश देव, जनपद सदस्य बेलरगांव नंदनी साहू, ग्राम पंचायत घठुला की सरपंच रीता नेताम, उपसरपंच बेदराम साहू, अकबर कश्यप सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से अनुविभागीय अधिकारी प्रीति दुर्गम, जनपद सीईओ नारद मांझी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सोमेंद्र कुमार साहू, स्वास्थ्य विभाग से बीपीएम हितेंद्र साहू, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ एसके ठाकुर, विद्युत विभाग के ई. रमेश बिसेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा 22 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में सहभागिता की।




