जुआ-सट्टा के खिलाफ भखारा पुलिस का शिकंजा, तीन जुआरी गिरफ्तार
जोरातराई में खेत जाने वाले रास्ते पर चल रहा था काटपत्ती का खेल, 6,500 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त
धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई में जुआ खेल रहे तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,500 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई स्थित शासकीय हाईस्कूल के पीछे खेत जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेले जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भखारा पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान गोविंद साहू (40), निवासी जोरातराई, रवि कोसले (19), निवासी गोबरा नवापारा, जिला रायपुर और मनहरण (33), निवासी खपरी, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई।
मौके की तलाशी लेने पर पुलिस ने जुआरियों के पास से 6,500 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की। मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 119/2026 दर्ज करते हुए जुआ एक्ट की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

