बरसात के बाद धरातल पर उतरेंगे सड़क विकास के काम
धमतरी जिले में 101.24 करोड़ के 6 कार्यों को मंजूरी, सड़कें होंगी चौड़ी और मजबूत; आमदी में बनेगा फोरलेन गौरव पथ
धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। बरसात के बाद धमतरी जिले में सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को गति मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपये की लागत वाले छह कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें पांच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निविदाएं मंजूर करते हुए धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
इन मार्गों का होगा कायाकल्प
स्वीकृत कार्यों में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया एनएच-30 के 3.75 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14.45 करोड़ रुपये, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर कार्य के लिए 13.32 करोड़ रुपये, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर के लिए 23.12 करोड़ रुपये तथा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के 10 किलोमीटर कार्य के लिए 19.42 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।
इसी तरह राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11.70 करोड़ रुपये और इसी मार्ग में आमदी नगर पंचायत क्षेत्र के 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ व सौंदर्यीकरण के लिए 19.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को विभागीय मापदंडों के अनुरूप कार्यों का संपादन एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने तथा कार्यों को किसी अन्य को सबलेट नहीं करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यों को स्वीकृत प्रशासकीय सीमा और अनुबंध की शर्तों के अनुरूप कराने पर जोर दिया है।
आवागमन के साथ पर्यटन और कारोबार को मिलेगा लाभ
सड़कें मजबूत और चौड़ी होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। कृषि उपज, वनोपज और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। वहीं नगरी-सिहावा, गंगरेल सहित जिले के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
आमदी में फोरलेन गौरव पथ बनने से नगर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ प्रवेश मार्ग का सौंदर्य भी बढ़ेगा। सड़क विकास के इन कार्यों को जिले में आधुनिक एवं मजबूत सड़क नेटवर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


