सेवा संकल्प अभियान: 500 वृद्धजनों का शॉल-श्रीफल से सम्मान
धमतरी, 2 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने जिले के करीब 500 महिला-पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र (पॉसेशन सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। वहीं दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट प्रदान की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।
वृद्धजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वृद्धजन परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, जीवन संघर्ष और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। वरिष्ठजनों का सम्मान केवल किसी आयोजन तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाकर लोगों को उनके निकट योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही मजबूत भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने देहदान एवं अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान की भी सराहना की।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने वृद्धजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को समाज की बड़ी पूंजी बताया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने वरिष्ठजनों के सम्मान को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, ऋषभ देवांगन, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने आभार व्यक्त किया।



