मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर, 641 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

0

 

मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर, 641 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, 51 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित


उत्तम साहू 

धमतरी, 14 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मोंगरागहन में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर में कुल 641 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान जरूरतमंदों को चश्मे, टीबी मरीजों को फूड बास्केट और हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।

शिविर का आयोजन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण टोडर तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन, जनपद सदस्य उर्वशी ध्रुव, मोंगरागहन सरपंच शैलेष नाग, कोडेगांव सरपंच जितेंद्र सिन्हा, सरपंच सविता नेताम, अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष अहमद अली खान तथा गंगरेल महामंत्री चन्द्रहास जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए लोगों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।


विभिन्न रोगों की जांच के लिए पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक



स्वास्थ्य शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ नेत्र, दंत, स्त्री रोग, नाक-कान-गला, हड्डी रोग एवं शिशु रोग संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से भी मरीजों को परामर्श दिया गया।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत 220 मरीजों की जांच की गई। नेत्र रोग संबंधी जांच के लिए 120 मरीज पहुंचे, जिनमें से 51 जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 तथा शिशु रोग के 50 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।


पैथोलॉजी जांच और रक्तचाप परीक्षण की सुविधा



शिविर स्थल पर पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यहां शुगर की 109, हीमोग्लोबिन की 102, सिकलिंग की 100, मलेरिया की 15, ब्लड ग्रुप की 10 तथा वीडीआरएल की 10 जांचें की गईं। सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अतिरिक्त 315 मरीजों का रक्तचाप परीक्षण किया गया और उन्हें स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया गया।


टीबी मुक्त पंचायत और स्वास्थ्य योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित

शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत मोंगरागहन तथा अरौद डूबान के सरपंच को गांधीजी की प्रतीक प्रतिमा प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह मितानिनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दो टीबी मरीजों को फूड बास्केट और पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।


स्वास्थ्य विभाग की टीम का रहा योगदान

शिविर को सफल बनाने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण टोडर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश साहू, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.जे. खान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर, खंड कार्यक्रम प्रबंधक श्वेता परमार, खंड प्रशिक्षण अधिकारी जे.एल. सिन्हा, ग्रामीण चिकित्सा सहायक ज्वाला प्रसाद, गुरुशरण साहू, मुकेश साहू, गिरीश साहू, शंभू रजक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मेगा स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, जांच और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !