कुरुद में तालाब किनारे चल रहा था सट्टे का खेल, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
धोबनी तालाब के पास पुलिस की दबिश, 3,100 रुपये नकद, सट्टा-पट्टी और डॉट पेन जब्त
उत्तम साहू
धमतरी/कुरुद, 13 अक्टूबर 2026। सार्वजनिक स्थान पर अंकों के जरिए सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुरुद में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,100 रुपये नकद सहित सट्टा-पट्टी, हिसाब लिखे कागज और एक डॉट पेन जब्त किया है। यह कार्रवाई धोबनी तालाब के पास स्थित आंगनबाड़ी भवन के नजदीक की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धोबनी तालाब के पास एक व्यक्ति लोगों से रुपये लेकर हार-जीत का दांव लगवा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति अंकों के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखते हुए मिला। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टे में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री और नकदी बरामद की।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश कश्यप (65 वर्ष), पिता स्वर्गीय छबीलाल कश्यप, निवासी सरोजनी चौक, कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा सहित असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने की बात कही है।

