जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास की किस्त, फसल क्षति मुआवजा और राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
उत्तम साहू
धमतरी, 13 अक्टूबर 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्त, खरीफ फसल क्षति का मुआवजा, राशन कार्ड में नामिनी परिवर्तन, सहकारी समिति में निर्माण कार्य और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम चंदनबाहरा निवासी बिसंभर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास की किस्त जारी कराने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह ग्राम भोयना निवासी गणेश राम ने खरीफ फसल नष्ट होने के कारण मुआवजा दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार धमतरी को फसल क्षति का आकलन कर नियमानुसार प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
किशोरा सहकारी समिति के प्रबंधक ने समिति परिसर में चबूतरा, पहुंच मार्ग, भवन, शेड और शौचालय निर्माण की आवश्यकता बताते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम सालेवार निवासी ज्ञानचंद ने राशन कार्ड में नामिनी परिवर्तन के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा जनदर्शन में बिजली संबंधी समस्याओं, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, राशन कार्ड बनवाने और मुआवजा सहित अन्य विषयों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।
आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ विचार किया जाए। आवेदनों में प्रस्तुत तथ्यों और पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आवेदकों को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।


