जनभागीदारी से धमतरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

0

 

जनभागीदारी से धमतरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मंत्री टंक राम वर्मा ने किया ‘जनप्रयास पोर्टल’ का शुभारंभ, 


उत्तम साहू 

धमतरी, 2 अक्टूबर 2026। जिले के विकास में अब नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को डिजिटल मंच मिलने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी पहुंचे प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘जनप्रयास पोर्टल’ का शुभारंभ किया। मंत्री ने बटन दबाकर पोर्टल की शुरुआत की।

इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि विकास की प्रक्रिया को जनभागीदारी से जोड़ने से शासन-प्रशासन के प्रयासों को नई गति मिलेगी। ‘जनप्रयास पोर्टल’ नागरिकों के सुझाव, विचार और जनहित से जुड़े प्रयासों को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि विकास केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही इसे व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि ‘जनप्रयास पोर्टल’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां कोई भी नागरिक अपनी रुचि और क्षेत्र के अनुसार विकास एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता कर सकता है। पोर्टल में क्यूआर कोड आधारित उपस्थिति, कार्यों का सत्यापन, पॉइंट्स और सिविल रैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सक्रिय वॉलिंटियर्स को ‘वॉलिंटियर पासपोर्ट’ के साथ कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय जरूरतों की पहचान, उपयोगी सुझावों के संकलन और समाज में हो रहे सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा। कलेक्टर ने युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं सहित जिले के नागरिकों से पोर्टल से जुड़कर धमतरी के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।


उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में जनप्रयास पोर्टल के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य करने वाले वॉलिंटियर्स संकट कुमार साहू, भूपेंद्र दास मानिकपुरी, अर्जुन सिंह, योगेश्वर सिंह और यशवंत सिन्हा को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं सार्थक स्कूल, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्लू एडवेंचर गंगरेल, सीजी अकादमी और युवा स्टार सेवा समिति को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव, ऋषभ देवांगन, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !