परसाबुड़ा में गूंजा राम नाम, पांच दिवसीय राज्यस्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता का समापन

0

 

परसाबुड़ा में गूंजा राम नाम, पांच दिवसीय राज्यस्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता का समापन

19 मंडलियों ने दी प्रस्तुति, झांकी और गायन में विजेताओं को मिला सम्मान; कार्यक्रम स्थल के लिए 15 लाख के टीना शेड की घोषणा


मगरलोड। ग्राम परसाबुड़ा में पिछले कई वर्षों से चली आ रही छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में सराबोर रही। 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं रामधुनी मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने 24 घंटे निरंतर राम नाम का जाप कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

एक अक्टूबर को संत गोवर्धन शरण व्यास ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में कुल 19 मंडलियों ने हिस्सा लिया। इनमें झांकी और गायन दोनों विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडलियों को पुरस्कृत किया गया।

झांकी में मथुराडीह की जय भवानी प्रथम

झांकी वर्ग में जय भवानी रामधुनी मंडली मथुराडीह ने प्रथम स्थान हासिल कर 2001 रुपये का पुरस्कार जीता। जय मां सरस्वती रामधुनी मंडली भर्रीगांव, बालोद द्वितीय, श्री आदर्श रामधुनी मंडली कापा, राजनांदगांव तृतीय, जय छत्तीसगढ़ बालमित्र मंडली भटगांव चतुर्थ और बाल गोपाल रामधुनी मंडली दहदहा, कुरूद पांचवें स्थान पर रही। इन्हें क्रमश: 1701, 1501, 1201 और 1001 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

गायन में गुदगुदा मंडली अव्वल

गायन वर्ग में जय छत्तीसगढ़ लोक कला रामधुनी मंडली गुदगुदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दाई के दुलार रामधुनी मंडली बालोद करहापुरी दूसरे, जय रामधूनी मंडली बकरी तीसरे, जय भोले सरस्वती रामधुनी मंडली ढोकला-चारामा चौथे और जय महामाया रामधुनी मंडली किकीरमेटा, दुर्ग पांचवें स्थान पर रही। सभी विजेता मंडलियों को पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया। झांकी मंडलियों को एस. कुमार साहू तथा गायन मंडलियों को होरीलाल साहू ने प्रतीक चिन्ह प्रदान किया।


ग्रामीणों की मांग पर 15 लाख के टीना शेड की सौगात

समापन अवसर पर ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हुई। भाजपा मंडल मगरलोड अध्यक्ष रोहित मोहन साहू की अनुशंसा पर जिला पंचायत धमतरी के कृषि सभापति टीकाराम कंवर ने ग्राम परसाबुड़ा के कार्यक्रम स्थल पर 15 लाख रुपये के टीना शेड की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम रेंगाडीह स्कूल में 6.25 लाख रुपये के किचन शेड की सौगात भी दी गई।

रोहित मोहन साहू ने बताया कि पिछले वर्ष परसाबुड़ा में नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू हुआ था, लेकिन आईडी नहीं मिलने से किसानों को टोकन कटवाने सहित अन्य कार्यों में परेशानी हो रही थी। उन्होंने इस वर्ष खरीदी केंद्र को आईडी मिलने की जानकारी भी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी मतभेद भुलाकर गांव के विकास के लिए एकजुट होकर आगे आने की अपील की।


‘रामधुनी हमारी संस्कृति की पहचान’

जनपद पंचायत मगरलोड अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान की संस्कृति के साथ-साथ धर्म और लोक परंपराओं के लिए भी जाना जाता है। गांव-गांव में आयोजित होने वाले रामधुनी और रामायण कार्यक्रम लोगों को अपनी संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में युवा धीरे-धीरे अपनी संस्कृति से दूर हो रहे हैं, ऐसे में रामधुनी जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला पंचायत कृषि सभापति टीकाराम कंवर ने रामचरितमानस को केवल ग्रंथ के रूप में पढ़ने के बजाय उसके आदर्शों को जीवन में उतारने की बात कही। उन्होंने युवाओं से धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने तथा किसी भी प्रकार के भड़कावे में नहीं आने की अपील की।

समापन कार्यक्रम में टीकाराम कंवर मुख्य अतिथि, वीरेंद्र कुमार साहू अध्यक्ष, जबकि पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में लालेश्वर सिन्हा, मुरली सिन्हा, नंदिनी सिन्हा, भानु प्रियंका, लोकेश साहू, लालाराम यादव, योगेश्वर ध्रुव, द्रोण गायकवाड़ सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, रामधुनी समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !