सरकारी कामकाज में लापरवाही पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सख्त, तीन अधिकारियों को नोटिस

0

 

सरकारी कामकाज में लापरवाही पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सख्त, तीन अधिकारियों को नोटिस

स्टॉप डैम की बदहाली, मछलीपालन योजनाओं में धीमी प्रगति और पशु चिकित्सा सेवाओं के कमजोर प्रदर्शन पर तीन दिन में मांगा जवाब


उत्तम साहू 

धमतरी, 18 अक्टूबर 2026। जिले में शासकीय कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही, निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध कमजोर प्रगति और विभागीय जवाबदेही में कमी को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जल संसाधन विभाग, मछलीपालन विभाग और पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर की इस कार्रवाई से विभागीय कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।


स्टॉप डैम की बदहाली पर जल संसाधन विभाग से जवाब तलब

ग्राम सेमरा (बी) स्थित स्टॉप डैम की बदहाल स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग, धमतरी बी.एल. खण्डेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

वीडियो में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित स्टॉप डैम की स्थिति पर सवाल उठाए गए हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचना की उपयोगिता, विभागीय निगरानी और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य के क्रियान्वयन, गुणवत्ता, विभागीय पर्यवेक्षण और संधारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए तीन दिवस के भीतर अभिलेखों सहित तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करें।


मछलीपालन योजनाओं में कमजोर प्रगति पर कार्रवाई

जिले में मछलीपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध कम प्रगति और हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिलने पर कलेक्टर ने सहायक संचालक मछलीपालन एम.एस. कमल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में प्रगति सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में कमजोर प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी से तीन दिवस के भीतर सभी बिंदुओं पर तथ्यात्मक एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।


कृत्रिम गर्भाधान और वत्सोत्पादन में पिछड़ने पर उपसंचालक को नोटिस

पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं में भी जिले की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है। कृत्रिम गर्भाधान एवं वत्सोत्पादन कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कम उपलब्धि और राज्य स्तर पर जिले की कमजोर रैंकिंग को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अवधेश मरकाम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उन्हें नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर बिंदुवार तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


विभागीय जवाबदेही पर कलेक्टर का सख्त संदेश

तीन अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति को लेकर गंभीर है। अब संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा में जवाब देना होगा। उनके स्पष्टीकरण और प्रस्तुत अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

कलेक्टर की इस पहल को विभागीय कामकाज में जवाबदेही तय करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !