महामाई मंदिर फरसियां में नवरात्रि पर जलेगी मनोकामना ज्योति.मंदिर परिसर में तैयारियां तेज
नौ दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए चलेगा भंडारा, दूर-दूर से पहुंचेंगे भक्त;
नगरी। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर ग्राम फरसियां स्थित प्रसिद्ध माँ महामाई मंदिर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सर्वधर्म तीर्थ स्थल 16 पाली सेवा समिति फरसियां के तत्वावधान में नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। समिति द्वारा मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महामाई धाम फरसियां लंबे समय से क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नवरात्रि के दौरान यहां दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामना की पूर्ति, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ विधि-विधान से ज्योति प्रज्वलित करते हैं।
वर्षों से चली आ रही है मनोकामना ज्योति की परंपरा
समिति अध्यक्ष शिवदयाल साहू, सचिव नीरज सोन एवं कैलाश सोन ने बताया कि महामाई मंदिर में कई वर्षों से नवरात्रि पर्व पर मनोकामना ज्योति प्रज्वलित करने की परंपरा चली आ रही है। श्रद्धालु माता के चरणों में अपनी मनोकामना अर्पित कर नौ दिनों तक भक्ति और आराधना में लीन रहते हैं। समिति के अनुसार श्रद्धा एवं विश्वास के साथ माता की आराधना करने से श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
नौ दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक भोजन भंडारे की व्यवस्था रहेगी। प्रथम दिवस स्व. मोहनलाल साहू नगरी की स्मृति में खेमेन्द्र कुमार साहू परिवार, द्वितीय दिवस तन्मय, जया, नेहा, वानशी एवं जवाहर मरकाम फरसियां तथा स्कूलपारा बोडरा, तृतीय दिवस जनकराम साहू एवं परिवार फरसियां, चतुर्थ दिवस स्व. खुजूराम मोहन एवं ठगिया बाई मोहन की स्मृति में पुत्र-पौत्र ग्राम भोथली, पंचम दिवस अश्वनी सार्वा गोरेगांव, छठवें दिवस खिरभान साहू फरसियां, सरगम ट्रांसपोर्ट भोथली एवं शोभाराम देवांगन सह परिवार, सप्तम दिवस स्व. लक्ष्मण साहू की स्मृति में पुत्र खिरभान साहू एवं टीकेश्वर साहू फरसियां तथा अष्टम दिवस खिलानंद यदुराज गोरेगांव के सहयोग से भंडारा आयोजित किया जाएगा।
समिति सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगम एवं भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से नवरात्रि पर्व में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ महामाई का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। मनोकामना ज्योति प्रज्वलित करने के इच्छुक श्रद्धालु समिति से संपर्क कर सकते हैं।
तैयारियों में समिति के जवाहर लाल ध्रुव, गजानंद कश्यप, राधेश्याम साहू, दीनदयाल सेन, जोहन नेताम, यशवंत साहू, कमलेश साहू, राधेश्याम ध्रुव, प्रयागसिंह बिसेन, भीमसेन गजेंद्र, अशोक देवदास, अरुण प्रजापति, कन्हाई राम ध्रुव, चंद्रहास यादव, रज्जू सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।

