सेमरा (बी) स्टॉप डैम की स्थिति पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, कार्यपालन अभियंता को नोटिस
तीन दिवस के भीतर मांगा तथ्यात्मक स्पष्टीकरण, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी
धमतरी, 18 अक्टूबर 2026। ग्राम सेमरा (बी) स्थित स्टॉप डैम की बदहाल स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री बी.एल. खण्डेल को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में सेमरा (बी) स्थित स्टॉप डैम की स्थिति को प्रदर्शित करते हुए इसके निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता पर सवाल उठाए गए हैं। किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा जल संरक्षण के उद्देश्य से निर्मित इस संरचना की वर्तमान स्थिति को लेकर निर्माण कार्य के क्रियान्वयन, गुणवत्ता, विभागीय पर्यवेक्षण और रखरखाव की स्थिति स्पष्ट करने की आवश्यकता जताई गई है।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वीडियो में उठाए गए सभी बिंदुओं पर तथ्यों एवं विभागीय अभिलेखों के आधार पर अपना स्पष्टीकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रस्तुत करें। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोगिता और संधारण से संबंधित स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि स्टॉप डैम जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का उद्देश्य किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। ऐसे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना, उनकी उपयोगिता सुनिश्चित करना तथा समय-समय पर उचित रखरखाव करना संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
समय-सीमा में जवाब नहीं देने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण प्रस्तुत करने की चेतावनी दी है। इस कार्रवाई के बाद अब संबंधित विभाग से स्टॉप डैम की वास्तविक स्थिति, निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर तथ्यात्मक जवाब मांगा गया है।

