दिल्ली में विकास मॉडल का अध्ययन, वृंदावन-खाटू श्याम में नगरी की खुशहाली की प्रार्थना
उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधि सात दिवसीय प्रवास पर दिल्ली, वृंदावन धाम और खाटू श्याम के लिए रवाना हुए हैं। यह प्रवास केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि नगरी के विकास के लिए नई सीख और अनुभव जुटाने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था, बेहतर सड़कों, शहरी सुविधाओं, इन्फ्रास्ट्रक्चर और शहर के विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगे। दिल्ली में अपनाए गए विभिन्न विकास एवं स्वच्छता मॉडल को समझकर उनके उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा, ताकि नगरी में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधि वृंदावन धाम और खाटू श्याम पहुंचकर धार्मिक स्थलों में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान नगरी नगर की सुख-समृद्धि, शांति, विकास और निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामना की जाएगी।
यात्रा में सभापति अश्वनी निषाद, शंकर देव, चेलेश्वरी साहू, पार्षद देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, जयंती टुकेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव एवं हरीश साहू अपने परिवारजनों के साथ शामिल हैं।
जनप्रतिनिधियों के इस प्रवास में एक ओर देश की राजधानी से शहरी विकास की नई सीख लेने का प्रयास है, तो दूसरी ओर धार्मिक धामों में नगरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी। दिल्ली की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का अनुभव लेकर लौटने के बाद इन्हें नगरी की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उपयोग में लाने पर जोर रहेगा।

