सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ की युवा मंथन विचार बैठक संपन्न
सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर युवाओं ने किया मंथन
नगरी,सिहावा। सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ, सिहावा क्षेत्र के तत्वावधान में युवा मंथन विचार बैठक का आयोजन कनेश्वर मंदिर, देउरपारा सिहावा में किया गया। बैठक में समाज के युवाओं, युवतियों, महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पवन यादव एवं विशेष अतिथि सीजी गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर सर्व यादव समाज के उपाध्यक्ष संतोष यादव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश यादव, श्री राम यादव, कृष्ण यादव, सुरेश यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं तथा युवा-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेष अतिथि सीजी गजेंद्र यादव ने कहा कि समाज की एकता को मजबूत करने के लिए सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और अपने अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। मुख्य अतिथि पवन यादव ने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी साथियों से एकजुट होकर सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण में युवा साथी मिलकर सहयोग करेंगे। गोवर्धन यादव, पूजा यादव एवं महेंद्र यादव ने भी अपने विचार रखते हुए युवाओं को हर क्षेत्र में सक्रिय होकर समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया।
बैठक में सिहावा क्षेत्र से शुरू हुए युवा मंथन को आगे चलकर पूरे छत्तीसगढ़ में युवा एकता, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती का माध्यम बनाने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन देवचरण यादव ने किया। अंत में दिनेश यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ तथा उपस्थित युवा-युवतियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

